Ranchi News : नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक 11 जून को, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

Ranchi News : नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक 11 जून को, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

Johar News Times
2 Min Read

रांची: नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल (शासी परिषद) की बैठक 11 जून को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक को लेकर झारखंड सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मुख्यमंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों की सूची नीति आयोग को भेज दी गई है।

नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि छिब्बर ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र भेजकर बैठक की रूपरेखा साझा की है। इस वर्ष बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव पूंजी’ रखा गया है। साथ ही दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की प्रमुख सिफारिशों और प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ मुख्य सचिव अविनाश कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन के रेसिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल तथा योजना एवं विकास विभाग की अपर सचिव विजया जाधव भी शामिल होंगी। नीति आयोग की ओर से मुख्यमंत्री को बैठक में शामिल होने के लिए उपाध्यक्ष की तरफ से अलग से औपचारिक आमंत्रण पत्र भी भेजा जा रहा है। बैठक में राज्यों के विकास, मानव संसाधन सशक्तीकरण और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है।

Share This Article