मुसाबनी, इंटक नेता कालटू चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आईसीसी के नव नियुक्त कार्यकारी निदेशक उमेश कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्षेत्र और कंपनी से जुड़े विभिन्न जनहित एवं श्रमिक हित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौभंडार टाउनशिप की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट लाइट की कमी दूर करने, आवासीय परिसरों के आसपास पेड़-पौधों और झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर सूरदा माइंस के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याओं से कार्यकारी निदेशक को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि खदान में कार्यरत ब्लास्टर कर्मियों को समय पर विस्फोटक सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण खनन कार्य और उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे उत्पादन लक्ष्य हासिल करने में देरी होती है। प्रतिनिधियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय पहल करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने खदान और अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि भीषण गर्मी और कठिन कार्य परिस्थितियों में मजदूरों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, जिससे उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ कार्यक्षमता और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।
कार्यकारी निदेशक उमेश कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए यथासंभव शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में बाबूराव, वीरेन बाबू, मोचीराम माझी, रवि कुमार तथा सूरदा माइंस से संदीप अग्रवाल, काजल दास, शंकर भगत, बच्चे लाल यादव, सीजी हेमराम और समीम खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
