जमशेदपुर, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बुधवार को किया जाएगा। केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना है।
प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 3 जून को सुबह 9 बजे सिदगोड़ा स्थित बिस्सा मुंडा टाउन हॉल में होगा। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों तथा बूथ प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।
झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण शिविर में पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत केंद्रीय पदाधिकारीगण, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, महानगर संयोजक मंडली के सदस्य, सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष-सचिव, पंचायत और शाखा स्तर के अध्यक्ष-सचिव तथा नामित बीएलए-2 सदस्य शामिल होंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों, निर्वाचन प्रक्रिया और बूथ प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की जाएंगी, ताकि आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में संगठन की भूमिका और प्रभावी हो सके।
