रांची, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सन्नी सिंह ने मंगलवार को अपने सहयोगियों के साथ झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्री दीपक बिरूआ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के युवाओं से जुड़े रोजगार, शिक्षा, खेल और संगठनात्मक गतिविधियों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सन्नी सिंह ने मुख्यमंत्री और मंत्री के समक्ष क्षेत्र के युवाओं की अपेक्षाओं तथा विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान मंत्री दीपक बिरुआ ने युवाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास में युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर रॉबिन हांसदा, निखिल राज, कुंदन सिंह, अजय यादव सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
