Jharkhand Weather Alert : झारखंड के 17 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रांची समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह

Johar News Times
2 Min Read

दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ने के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और गोड्डा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिणी और पूर्वी झारखंड में वर्षा की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।
रांची, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।


मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि संथाल परगना, कोल्हान और दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र के जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका अधिक है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और मेघगर्जन होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 33 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि पलामू प्रमंडल के कुछ इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रह सकता है।

Share This Article