जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज बनेगा ‘आदर्श गुरुकुल’: हाई पावर कमेटी ने तैयार किया विकास का रोडमैप

"लॉ के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब जमशेदपुर में ही मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की लीगल एजुकेशन।"

Johar News Times
3 Min Read

कोल्हान विश्वविद्यालय के तहत आने वाले झारखंड के एकमात्र सरकारी विधि महाविद्यालय, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज को एक ‘आदर्श गुरुकुल’ के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा गठित हाई पावर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के सिंडिकेट एवं सीनेट सदस्य तथा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल ने की। इस दौरान कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (के सभी कड़े मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने पर विशेष रणनीति बनाई गई।

नए भवन के निर्माण कार्य का हुआ निरीक्षण

बैठक के बाद समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल के नेतृत्व में पूरी टीम ने निर्माणाधीन नए कॉलेज भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने निर्माण कार्य की प्रगति और उसकी गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

शिक्षकों की कमी होगी दूर, जल्द होगी प्रवेश परीक्षा

बैठक में छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए गए:

  • शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा ताकि कक्षाएं और परीक्षाएं बिना किसी देरी के समय पर हों।
  • बार काउंसिल ऑफ इंडिया से नए सत्र 2026-29 के लिए संबद्धता मिलने पर कमेटी ने खुशी जताई और विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द लॉ प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का आग्रह किया।

मूट कोर्ट और डिजिटल लाइब्रेरी की मिलेगी सौगात

लॉ के छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए कॉलेज में एक आधुनिक मूट कोर्ट स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा एक समृद्ध पुस्तकालय और स्टाफ रूम का निर्माण होगा। पूरे परिसर में सुरक्षा और कड़े अनुशासन के लिए सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में शामिल रहे कई दिग्गज

इस उच्चस्तरीय बैठक में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलानुशासक डॉ. राजेंद्र भारती, सीनेट सदस्य लखन मार्डी, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे, विधि कोषांग समन्वयक डॉ. संजीव कुमार विरूली और लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे।

Share This Article