Indigo Flight: दिल्ली-रांची इंडिगो फ्लाइट का रनवे पर फेल हुआ AC, केबिन बना भट्टी; दो घंटे तक हवा को तरसे 170 यात्री, जमकर काटा हंगामा

"आसमान में जाने से पहले जमीन पर आफत: इंडिगो फ्लाइट का रनवे पर AC फेल, 2 घंटे तक बिना हवा के तड़पे यात्री।"

Johar News Times
3 Min Read

विमानन कंपनी इंडिगो की लापरवाही और तकनीकी खामियों का एक और बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E 2614) टेकऑफ से ठीक पहले रनवे पर तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इसके बाद विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया, जिसके चलते 170 से अधिक यात्रियों की जान आफत में आ गई।

रनवे से वापस लौटा विमान, केबिन बना गैस चेंबर जानकारी के अनुसार, विमान उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार था और रनवे तक पहुंच चुका था। तभी अचानक पायलट को तकनीकी खराबी का अहसास हुआ, जिसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस टैक्सीवे पर लौटा लिया गया। रनवे से लौटने के बाद जैसे ही विमान की पावर सप्लाई कटी, उसका एसी पूरी तरह बंद हो गया।

यात्रियों का आरोप है कि दिल्ली की इस भीषण गर्मी और उमस के बीच करीब 170 यात्रियों को लगभग दो घंटे तक बिना एसी के बंद केबिन में ही बैठाए रखा गया। हवा न मिलने और दमघोंटू माहौल के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं तड़पने लगे।

जब क्रू ने नहीं दिया जवाब, तो यात्रियों ने विमान के अंदर ही शुरू कर दिया विरोध

दमघोंटू माहौल के बीच जब यात्रियों का सब्र का बांध टूट गया, तो उन्होंने केबिन क्रू से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। क्रू मेंबर्स की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर यात्रियों ने विमान के अंदर ही जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यात्रियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आखिरकार एयरलाइन प्रबंधन ने केबिन का दरवाजा खोला और सभी यात्रियों को सुरक्षित वापस एयरपोर्ट टर्मिनल भेजा।

करीब 4 घंटे की देरी से रांची पहुंची फ्लाइट

टर्मिनल लौटने के बाद इंडिगो की तकनीकी टीम ने विमान की सघन जांच की और खराबी को दूर किया। इसके बाद यात्रियों की दोबारा सुरक्षा जांच और बोर्डिंग कराई गई, जिसके बाद विमान ने रांची के लिए उड़ान भरी।

  • शेड्यूल टाइम: इस फ्लाइट का रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने का निर्धारित समय शाम 4:35 बजे था।
  • वास्तविक समय: तकनीकी खराबी और हंगामे के कारण यह फ्लाइट करीब रात 8:05 बजे रांची पहुंच सकी।

यात्रियों में भारी नाराजगी इस पूरी घटना के कारण यात्रियों को न सिर्फ करीब 4 घंटे की भारी देरी का सामना करना पड़ा, बल्कि बंद विमान में दो घंटे तक बिना एसी के रहने के कारण उन्हें भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। रांची पहुंचे कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी इंडिगो की इस ढुलमुल सेवा के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है।

Share This Article