हेमंत सोरेन ने अफसरों को दिया टास्क:भूमि सुधार से लेकर EV चार्जिंग तक, सीएम हेमंत सोरेन ने तय किया रोडमैप

हेमंत सोरेन ने अफसरों को दिया टास्क:भूमि सुधार से लेकर EV चार्जिंग तक, सीएम हेमंत सोरेन ने तय किया रोडमैप

Johar News Times
2 Min Read

रांची, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को राजस्व, कर एवं निबंधन विभाग तथा परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों में तेजी लाने, डिजिटल तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

राजस्व, कर एवं निबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सैरात की बंदोबस्ती और खासमहल भूमि से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के विभिन्न कार्यों में डिजिटलीकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के उपयोग को बढ़ाने, भूमिहीन लोगों को पट्टा उपलब्ध कराने तथा अमीन के रिक्त पदों को जल्द भरने का निर्देश दिया।

वहीं परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए मैपिंग कर EV चार्जिंग स्टेशनों की विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर में निर्माणाधीन हैवी व्हीकल ड्राइविंग इंस्टीट्यूट के कार्यों की समीक्षा करते हुए उसका एमओयू जल्द पूरा कराने और संस्थान को शीघ्र चालू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Share This Article