एमजीएम अस्पताल को एम्स स्तर तक विकसित करने की मांग, दुलाल भुईयां ने जेपी नड्डा को सौंपा ज्ञापन

एमजीएम अस्पताल को एम्स स्तर तक विकसित करने की मांग, दुलाल भुईयां ने जेपी नड्डा को सौंपा ज्ञापन

Johar News Times
4 Min Read

जमशेदपुर/नई दिल्ली, कोल्हान क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में साकची स्थित नवनिर्मित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर को एम्स स्तर की सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधा के रूप में विकसित करने की मांग की गई है।

दुलाल भुईयां ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां को मिलाकर बने कोल्हान प्रमंडल की आबादी करीब 49 लाख है, लेकिन आज भी क्षेत्र में ऐसा कोई सरकारी अस्पताल नहीं है जहां हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और ट्रॉमा जैसी गंभीर बीमारियों का समुचित इलाज उपलब्ध हो। बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मरीजों को रांची, भुवनेश्वर, कोलकाता, वेल्लोर और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है।

उन्होंने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल वर्षों से क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, लेकिन यहां अब भी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। हालांकि नए अस्पताल भवन में लगभग 140 कमरे तैयार किए गए हैं और विभिन्न सेवाएं संचालित हो रही हैं, फिर भी गंभीर बीमारियों के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

दुलाल भुईयां ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र डॉक्टर बनकर निकलते हैं, लेकिन बेहतर संसाधनों और अवसरों के अभाव में अधिकांश चिकित्सक दूसरे राज्यों या बड़े संस्थानों का रुख कर लेते हैं। यदि एमजीएम अस्पताल को एम्स स्तर की सुविधाओं से लैस किया जाता है, तो चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।

ज्ञापन में उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय गोसाई मनी देवी का निधन हृदयाघात के कारण हुआ था। यदि उस समय क्षेत्र में अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि ऐसी पीड़ा केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि कोल्हान के हजारों परिवारों की है, जिन्होंने समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण अपने प्रियजनों को खोया है।

ज्ञापन में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुधीर महतो, पूर्व मंत्री रामदास सोरेन, पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा तथा एमजीएम अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. शिव शंकर प्रसाद जैसे प्रमुख व्यक्तियों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया गया है।

दुलाल भुईयां ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि साकची स्थित नए एमजीएम अस्पताल परिसर को चरणबद्ध तरीके से एम्स जैसी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल कोल्हान बल्कि झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों के लाखों लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि कोल्हान की जनता वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही है। यदि यहां एम्स स्तर की चिकित्सा व्यवस्था स्थापित होती है तो क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और लाखों लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

Share This Article