जमशेदपुर के जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज ने अपने क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई बिजली समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न पंचायतों और बस्तियों में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में पंकज ने बताया कि उनके क्षेत्र के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने, जर्जर बिजली तारों तथा बिजली पोलों की कमी के कारण लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि मकदमपुर मुंशी मोहल्ला में 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए तथा पुराने और खराब हो चुके बिजली तारों को बदला जाए।
इसके अलावा गोलपहाड़ी न्यू बस्ती में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 नए बिजली पोल तार सहित लगाने की मांग की गई है। साथ ही पहले से स्थापित छह बिजली पोलों पर अब तक तार नहीं लगाए जाने पर चिंता जताते हुए उन्हें जल्द विद्युत लाइन से जोड़ने की मांग की गई है।
पंकज ने पश्चिम किताडीह पंचायत के मनसा मंदिर के समीप तथा विजय स्टोर के सामने 200 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने का अनुरोध किया है। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नए बिजली पोल लगाने की भी मांग की गई है।
वहीं पश्चिमी कालीमाटी पंचायत के दुर्गाबाड़ी से ग्वालापट्टी तक चार नए बिजली पोल तार सहित लगाने की मांग भी पत्र के माध्यम से की गई है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज ने कहा कि उनके क्षेत्र में जहां कहीं भी बिजली संबंधी समस्याएं हैं, वहां के लोग उनसे संपर्क कर अपनी समस्याओं की जानकारी दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर विद्युत विभाग के समक्ष उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
