चाईबासा, 2 जून: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नोवामुंडी थाना क्षेत्र में कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में नोवामुंडी, किरीबुरु और बड़ा जामदा थाना की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान जानकारी मिली कि जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना की पुलिस भी मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डुकासाई गांव से सोनू लोहरा उर्फ भोला (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। वहीं दूसरे आरोपी राज पुरती की जानकारी के आधार पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोंटोगाढ़ा गांव से नौ तथा किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह गिरोह विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में छिपाकर रखने तथा कम कीमत पर बेचने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहें – ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
