दिनभर की भागदौड़ के बाद शाम को थकान होना या काम के दबाव में स्ट्रेस महसूस होना बेहद आम बात है। अक्सर जब हमें बिना किसी वजह के कमजोरी महसूस होती है या मूड खराब होता है, तो हम खुद ही यह मान लेते हैं कि शायद काम का प्रेशर ज्यादा है या नींद पूरी नहीं हो रही है।
हालांकि, कई बार यह मामूली थकान किसी गंभीर समस्या का शुरुआती संकेत हो सकती है। जिसे हम वर्क स्ट्रेस समझकर नजरअंदाज कर रहे हैं, वो असल में शरीर में आयरन की कमी (Iron Deficiency) हो सकती है। इसे अनदेखा करना आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है।
कैसे पहचानें आयरन की कमी के संकेत?
- लगातार कमजोरी और सुस्ती: यह आयरन की कमी का सबसे बड़ा और पहला संकेत है। शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से अंगों तक सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता, जिससे आप हर वक्त थका हुआ महसूस करते हैं।
- चिड़चिड़ापन और मूड स्विंग्स: हीमोग्लोबिन घटने से दिमाग को भी पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती। इस वजह से काम पर फोकस करने में परेशानी, सिरदर्द और बेवजह चिड़चिड़ापन होने लगता है।
- सांस फूलना और घबराहट: थोड़ा सा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर ही सांस फूलने लगती है। ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे धड़कनें तेज हो जाती हैं। कई बार लोग इसे एंग्जायटी या पैनिक अटैक समझ लेते हैं।
स्ट्रेस और आयरन की कमी में कैसे करें अंतर?
आयरन की कमी के कारण होने वाली थकान और चिड़चिड़ापन दिखने में बिल्कुल ‘वर्क स्ट्रेस’ जैसे ही लगते हैं, लेकिन कुछ खास शारीरिक संकेतों से आप इनमें अंतर कर सकते हैं:
- त्वचा का पीलापन: अगर आपका चेहरा या त्वचा सामान्य से अधिक पीली दिखने लगी है, तो यह साफ तौर पर हीमोग्लोबिन की कमी का इशारा है।
- हाथ-पैर ठंडे रहना: मौसम सामान्य होने पर भी अगर आपके हाथ-पैर हमेशा ठंडे रहते हैं, तो यह खराब ब्लड सर्कुलेशन और आयरन की कमी का लक्षण है।
- असामान्य चीजें खाने की इच्छा (Pica): आयरन की गंभीर कमी होने पर शरीर में अजीब बदलाव आते हैं। ऐसे में इंसान का मन मिट्टी, चॉक, बर्फ या कच्चे चावल खाने का करने लगता है।
अगर आपको भी लंबे समय से ऐसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो इसे केवल काम का तनाव न समझें। तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और एक बार ब्लड टेस्ट (CBC और Serum Ferritin) जरूर करवाएं।
