झारखंड में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से आम जनजीवन बेहाल है। इस बीच, सूबे के मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए बहरागोड़ा पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय कदम उठाया है। बहरागोड़ा के थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने रविवार को थाना चौक पर एक ‘पनशाला’ की शुरुआत की।
विशेष बात यह रही कि थाना प्रभारी ने न सिर्फ इसका उद्घाटन किया, बल्कि तपती धूप में सड़क से गुजर रहे राहगीरों को अपने हाथों से ठंडा पानी पिलाकर उनकी प्यास बुझाई।
बाजार में पानी की भारी किल्लत, सिर्फ दो चापानल चालू
विदित हो कि बहरागोड़ा बाजार में पेयजल की स्थिति काफी चिंताजनक है। पूरे बाजार क्षेत्र में केवल दो ही चापानल चालू हालत में हैं। रविवार और गुरुवार को यहाँ साप्ताहिक हाट लगती है, जिसके कारण आस-पास के गाँवों से भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसने को मजबूर हो जाते हैं।
बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन की यह पहल स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
नेताओं से भी आगे आने की उम्मीद
पनशाला के उद्घाटन के मौके पर क्षेत्र के कई प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कार्य की जमकर सराहना की है। अब आम जनता को उम्मीद है कि पुलिस की इस पहल से प्रेरणा लेकर राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन भी आगे आएंगे और बहरागोड़ा के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर पनशाला खोलकर लोगों की प्यास बुझाने का प्रयास करेंगे।
