अक्सर माना जाता है कि बाहर का जंक फूड छोड़ने और घर का शुद्ध खाना खाने से वजन कंट्रोल में रहता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोज घर का दाल-चावल, रोटी-सब्जी खाकर भी लाखों भारतीय मोटापे और बीमारियों का शिकार हो रहे हैं? हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, घर का खाना सेहत के लिए बेस्ट है, लेकिन इसे बनाने और खाने के तरीके में की जा रही कुछ आम गलतियां वजन बढ़ा रही हैं।
1. डाइट में ‘हाई कार्ब्स’ और प्रोटीन की भारी कमी
डॉ. जुगल किशोर के मुताबिक, भारतीय घरों में खाने की थाली में सिंपल कार्बोहाइड्रेट (जैसे चावल, रोटी और ब्रेड) की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। इसके मुकाबले डाइट में प्रोटीन और फाइबर बेहद कम होता है। प्रोटीन की कमी के कारण शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते और बार-बार भूख लगती है। लोग हरी सब्जियां भी कम खाते हैं, जिससे शरीर में माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की कमी हो जाती है।
2. तेल, घी और मक्खन का ओवरडोज
घर पर खाना बनाते समय स्वाद के चक्कर में तेल, घी और मक्खन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। इससे खाने का ‘कैलोरी इनटेक’ (Calorie Intake) बहुत बढ़ जाता है। अगर आप घर का हेल्दी खाना भी खा रहे हैं, लेकिन उतनी कैलोरी बर्न नहीं कर पा रहे हैं, तो मोटापा बढ़ना तय है।
3. उम्र के साथ घटता मेटाबॉलिज्म
क्या है कैलोरी का साइंस? डॉ. घोटेकर ने बताया कि 20 साल की उम्र में मेटाबॉलिज्म रेट हाई होता है, जिससे शरीर आराम के वक्त भी लगभग 2000 कैलोरी रोज बर्न कर लेता है। लेकिन 30 की उम्र पार करते ही यह घटकर करीब 1700 कैलोरी प्रति दिन रह जाता है।
हर दिन 300 कैलोरी कम बर्न होने की वजह से, 30 की उम्र के बाद घर का खाना खाने के बावजूद धीरे-धीरे वजन बढ़ने लगता है और बीमारियां घेर लेती हैं।
4. ‘ओवरकुकिंग’ और तेल का बार-बार इस्तेमाल
डॉक्टरों के अनुसार, भारतीय घरों में खाने को जरूरत से ज्यादा पकाने (Overcooking) या भूनने की आदत है, जिससे सब्जियों के जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा, कढ़ाई में बचे हुए तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल करने से उसमें ‘बैड फैट’ (Trans Fat) बढ़ जाता है, जो दिल के लिए भी खतरनाक है।
5. सिटिंग जॉब और जीरो फिजिकल एक्टिविटी
आजकल अधिकांश लोगों की जीवनशैली डेस्क या कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करने वाली (Sedentary Lifestyle) हो चुकी है। आधुनिक सुख-सुविधाओं के कारण शारीरिक मेहनत न के बराबर रह गई है। जब तक रोज एक्सरसाइज नहीं होगी, तब तक घर का खाना खाकर भी मोटापा कम नहीं होगा।
फिट रहने के लिए डॉक्टर की 4 अचूक सलाह:
- एक्सरसाइज है जरूरी: 30 की उम्र के बाद रोज कम से कम 30-45 मिनट एक्सरसाइज या वॉक जरूर करें ताकि एक्स्ट्रा कैलोरी बर्न हो सके।
- प्रोटीन बढ़ाएं: डाइट में दाल, पनीर, सोयाबीन या अंडे जैसी प्रोटीन युक्त चीजें शामिल करें।
- देर रात खाने से बचें: रात का डिनर सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले कर लें।
- तनाव से दूरी: मानसिक तनाव भी वजन बढ़ने का एक बड़ा कारण है, इसलिए योग या मेडिटेशन का सहारा लें।
