40 पार पुरुषों के शरीर में एक्टिव होते हैं ये ‘Silent Killer’, जान बचानी है तो तुरंत कराएं ये 4 टेस्ट

40 की उम्र के बाद पुरुषों के शरीर में कई जैविक (Biological) बदलाव शुरू हो जाते हैं

Johar News Times
4 Min Read

40 की उम्र को अक्सर लोग सिर्फ एक संख्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक यही वह दौर है जब शरीर धीरे-धीरे बड़े बदलावों का संकेत देना शुरू कर देता है। 40 की उम्र के बाद पुरुषों के शरीर में कई जैविक (Biological) बदलाव शुरू हो जाते हैं—मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है और हार्मोनल परिवर्तन आते हैं। पहले जहां देर रात तक जागना, अनियमित खानपान और तनाव का असर जल्दी नहीं दिखता था, वहीं 40 के बाद शरीर इन आदतों का हिसाब मांगने लगता है। भारतीयों में जेनेटिक जोखिम और शहरी जीवन का तनाव इन चुनौतियों को और बढ़ा देता है। ऐसे में समय रहते नियमित स्वास्थ्य जांच कराना ही गंभीर बीमारियों से बचने का एकमात्र तरीका है।

लक्षण दिखने का इंतजार न करें, आज ही नोट करें वो 4 जरूरी टेस्ट जो हर पुरुष को 40 के बाद जरूर कराने चाहिए:

1. लिपिड प्रोफाइल और ब्लड प्रेशर

दिल से जुड़ी समस्याएं कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के वर्षों तक शरीर में पनपती रहती हैं।

  • जोखिम: नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश रिसर्च के अनुसार, भारत में हार्ट रोग वयस्कों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। भारतीयों में पश्चिमी देशों की तुलना में कम उम्र में ही हार्ट संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
  • बचाव: लिपिड प्रोफाइल (Cholesterol Test) और रेगुलर ब्लड प्रेशर की जांच से भविष्य के बड़े खतरों को समय रहते टाला जा सकता है।

2. HbA1c टेस्ट

डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जो लंबे समय तक बिना किसी लक्षण के शरीर को खोखला करती रहती है। बढ़ता वजन, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और तनाव इसके मुख्य कारण हैं।

  • सिर्फ फास्टिंग जांच काफी नहीं: डॉ. महाजन के अनुसार, केवल फास्टिंग ब्लड शुगर टेस्ट पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है।
  • फायदा: HbA1c जांच पिछले दो से तीन महीनों के औसत ब्लड शुगर स्तर की सटीक जानकारी देती है, जिससे प्रीडायबिटीज और डायबिटीज के जोखिम को शुरुआती स्टेज में ही पकड़ा जा सकता है।

3. विटामिन डी और बी12 टेस्ट

लगातार थकान, मांसपेशियों में कमजोरी और काम में ध्यान केंद्रित न कर पाना जैसे लक्षणों को अक्सर लोग काम का तनाव मानकर छोड़ देते हैं, जबकि यह पोषक तत्वों की कमी हो सकती है।

  • विटामिन डी: इसकी कमी से हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और शरीर में कैल्शियम का एब्जॉर्प्शन प्रभावित होता है।
  • विटामिन बी12: भारतीय पुरुषों में विटामिन बी12 की कमी भी एक बेहद आम समस्या बन चुकी है जो नसों और एनर्जी लेवल को प्रभावित करती है।

4. प्रोस्टेट, लिवर और किडनी फंक्शन टेस्ट

40 के बाद शरीर के इन तीन प्रमुख अंगों की सेहत पर नजर रखना सबसे ज्यादा जरूरी है:

  • प्रोस्टेट हेल्थ: प्रोस्टेट से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं शुरुआती चरण में कोई लक्षण नहीं दिखातीं। इसके लिए PSA टेस्ट कराया जा सकता है।
  • लिवर और किडनी: नॉन-अल्कोहोलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) और किडनी की बीमारियां भी शरीर में चुपचाप बढ़ती रहती हैं। रेगुलर LFT और KFT से इन्हें समय रहते कंट्रोल किया जा सकता है।

Share This Article