धनबाद के निरसा में हैवी ब्लास्टिंग और अवैध खनन से धंसी मुख्य सड़क, 30 गांवों का संपर्क टूटा

धनबाद के निरसा में हैवी ब्लास्टिंग और अवैध खनन से धंसी मुख्य सड़क, 30 गांवों का संपर्क टूटा

Johar News Times
2 Min Read

गोपालगंज-बेनागोड़िया मार्ग पर 50 फीट सड़क धंसी, वैकल्पिक रास्ता बनाया गया,

धनबाद के निरसा क्षेत्र में हैवी ब्लास्टिंग और कथित अवैध खनन के कारण गोपालगंज-बेनागोड़िया मुख्य सड़क गुरुवार देर रात अचानक धंस गई। करीब 50 फीट लंबी और 14 फीट चौड़ी सड़क के धंसने से पांच पंचायतों के लगभग 30 गांवों का निरसा प्रखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया। घटना के बाद ईसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनी प्रबंधन ने लोगों की आवाजाही जारी रखने के लिए सड़क के किनारे वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया है।

ब्लास्टिंग के बाद हिल गया था सड़क का निचला हिस्सा

स्थानीय लोगों के अनुसार, चापापुर कोलियरी में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी ने गुरुवार दोपहर सड़क से 30-40 फीट की दूरी पर हैवी ब्लास्टिंग की थी। जिस क्षेत्र में सड़क धंसी है, वहां पहले ईसीएल की भूमिगत खदान संचालित होती थी और अवैध खनन की भी शिकायतें रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लास्टिंग से सड़क के नीचे की जमीन कमजोर हो गई थी। वहीं, इसी मार्ग से भारी वाहनों द्वारा कोयला और ओबी डंप की ढुलाई भी की जाती है। लगातार कंपन और भारी यातायात के कारण देर रात सड़क और उसके आसपास का हिस्सा धंस गया।

पांच पंचायतों के लोगों पर पड़ा असर

यह सड़क बेनागोड़िया, घाघरा, सोनवाद, सिजुआ तथा पूर्वी टुंडी की पांड्रा-बेजरा पंचायत समेत करीब 30 गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। सड़क धंसने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला परिषद और पीडब्ल्यूडी की यह पुरानी सड़क लंबे समय से भारी वाहनों के दबाव में है। उनका आरोप है कि कोयला उत्पादन की होड़ में आउटसोर्सिंग कंपनियां ग्रामीण सड़कों की क्षमता और सुरक्षा की अनदेखी कर रही हैं। जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को पहले भी बोर्ड की बैठक में उठाया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण सड़क पर इस तरह का अतिक्रमण और नुकसान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article