मुसाबनी-डुमरिया दौरे पर उपायुक्त, योजनाओं की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश

मुसाबनी-डुमरिया दौरे पर उपायुक्त, योजनाओं की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश

Johar News Times
3 Min Read

पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को मुसाबनी और डुमरिया प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पंजी संधारण, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों और संचिकाओं की जांच कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

मुसाबनी प्रखंड कार्यालय में उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करने पर बल दिया।

विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग की योजनाओं, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने और लाभुकों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।

आम बागवानी योजना के लाभुक से की बातचीत

मुसाबनी दौरे के दौरान उपायुक्त ने आम बागवानी योजना के एक लाभुक से मुलाकात कर योजना से हो रहे लाभ, पौधों की स्थिति, रखरखाव और आय बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बागवानी आधारित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही अधिकारियों को लाभुकों को तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डुमरिया में सीएचसी भवन का किया निरीक्षण

इसके बाद उपायुक्त डुमरिया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, नियमित मॉनिटरिंग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। डुमरिया में उन्होंने नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भवन में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं के लिए किए गए प्रबंधों और अन्य संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूरा कर नए भवन में स्वास्थ्य सेवाओं की शीघ्र शिफ्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Share This Article