घाटशिला में दिनदहाड़े बाइक लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक अज्ञात युवक ने पहले बाइक सवार से लिफ्ट मांगी और फिर मौका पाकर उसे धक्का देकर बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर घाटशिला मेन रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने एक युवक ने बाइक सवार से लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते बाइक चालक ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी ने अचानक बाइक सवार को धक्का देकर गिरा दिया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया।
लूटी गई बाइक का नंबर JH05EG-4369 है। यह टीवीएस रोनिन मॉडल की पर्ल व्हाइट और काले रंग की बाइक है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाइक या आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या घाटशिला पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
घटना के दौरान बाइक लेकर भाग रहे आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी।
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं
घाटशिला क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार सुबह ही हनुमान मंदिर में पूजा करने गई एक महिला से छिनतई की सूचना मिली थी। वहीं 12 जून को पेट्रोल पंप रोड पर एक दवा व्यवसायी के गले से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन तीन अपराधियों ने छीन ली थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और पुलिस को इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
