जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के गौ तस्करी की आशंका से जुड़ा एक मामला सामने आया। बांगुड़दा साहेब बांध के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें से दो गोवंश बरामद किए, जबकि वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो चुके थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह झाड़ियों में फंसी संदिग्ध स्कॉर्पियो को देखा और उसके भीतर गाय होने की सूचना कमलपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर संरक्षण में लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गोवंशों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसा। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों ने स्कॉर्पियो को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर वे वाहन और गोवंशों को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं मिली, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोवंशों को कहां से लाया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोग कौन हैं। कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गौ तस्करी की आशंका समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
