चतरा में कोयला लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर सड़क जाम

चतरा में कोयला लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर सड़क जाम

Johar News Times
3 Min Read

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, कोल ट्रांसपोर्टिंग पर सख्त नियम लागू करने की मांग,

चतरा : जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित जबड़ा नो-एंट्री चेकनाका के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। मृतक की पहचान जबड़ा पंचायत के संदली गांव निवासी प्रदीप बाखला (स्वर्गीय सोहर बाखला के पुत्र) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी नो-एंट्री चेकनाका के पास कोयला लदे डंपर की चपेट में आ गया। दुर्घटना में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयला परिवहन हो रहा है, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उनका कहना है कि नो-एंट्री खुलते ही भारी संख्या में कोयला लदे वाहन सड़कों पर दौड़ने लगते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, कोल ट्रांसपोर्टिंग के दौरान प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा सड़क पर खड़े कोयला वाहनों से अतिक्रमण हटाने की मांग की। उनका कहना है कि आधी सड़क पर दिनभर कोयला वाहन खड़े रहने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि जबड़ा नो-एंट्री जोन को पेट्रोल पंप के आगे किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि सड़क पर अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की समस्या खत्म हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कोयला परिवहन का विरोध और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ग्रामीणों को समझाने तथा स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं।

Share This Article