आदित्यपुर एस-टाइप चौक दुकान तोड़फोड़ मामला: चम्पाई सोरेन की बैठक में गरमाया विवाद, प्रशासन को कार्रवाई का निर्देश

आदित्यपुर एस-टाइप चौक दुकान तोड़फोड़ मामला: चम्पाई सोरेन की बैठक में गरमाया विवाद, प्रशासन को कार्रवाई का निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

आदित्यपुर के एस-टाइप चौक पर कथित रूप से अवैध तरीके से दुकानों को तोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने आयडा सभागार में जिला प्रशासन, नगर निगम, आवास बोर्ड के अधिकारियों और पीड़ित दुकानदारों के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की।

बैठक में आवास बोर्ड के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि आवास बोर्ड के अधीन है, लेकिन दुकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई उनकी ओर से नहीं की गई। वहीं पीड़ित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय बाहुबली ने निजी तौर पर जेसीबी लगाकर उनकी दुकानें ध्वस्त कर दीं। दुकानदारों का कहना है कि कुछ दुकानें आवास बोर्ड द्वारा विधिवत आवंटित की गई थीं और इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

चम्पाई सोरेन ने दुकानों को तोड़े जाने की घटना को गलत बताते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गरीब दुकानदारों के रोजगार पर संकट पैदा करने वाली ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। गौरतलब है कि पिछले दिनों एस-टाइप चौक पर कई दुकानों को जबरन तोड़े जाने के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया था। बैठक में नगर निगम, जिला प्रशासन और आवास बोर्ड के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पीड़ित दुकानदार मौजूद रहे। बैठक के बाद दुकानदारों ने मामले में पहल करने के लिए चम्पाई सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article