ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की बेंगाबाद प्रखंड इकाई के बैनर तले आज प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्णपुरा में किसानों की उपजाऊ और बहुफसली जमीन पर स्टेडियम निर्माण का पुरजोर विरोध किया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि अदालत द्वारा कार्रवाई पर रोक के बावजूद जमीन की जबरन घेराबंदी की जा रही है। इसके साथ ही प्रखंड में विकास योजनाओं के नाम पर खुलेआम पीसी लिए जाने, सड़कों के घटिया निर्माण और ठप पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया और डीसी के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
कोर्ट के आदेश की अवहेलना और बंजर जमीन की अनदेखी
कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल और महासचिव शंभू ठाकुर ने कहा कि किसानों की बहुफसली खेती की जमीन को नष्ट कर वहां स्टेडियम बनाने का कोई औचित्य नहीं है। जब इलाके में कई जगहों पर पर्याप्त बंजर जमीन उपलब्ध है, तो उपजाऊ भूमि को निशाना क्यों बनाया जा रहा है? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का तुरंत संज्ञान नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में यह प्रखंड परिसर एक बड़े उग्र आंदोलन का गवाह बनेगा।
भ्रष्टाचार में डूबा कार्यालय, पानी के लिए त्राहिमाम
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने तीखा हमला बोला और कहा कि पूरे झारखंड सहित इस प्रखंड की हालत बद-से-बदतर होती जा रही है। प्रखंड और अंचल कार्यालय पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुके हैं, जहां बिना पैसे दिए जनता का कोई काम नहीं होता। इसके अलावा, पूरे प्रखंड क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाएं या तो पूरी तरह ठप हैं या सिर्फ कागजों पर चल रही हैं, जिससे ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं।
पार्टी के जिला संयोजक और पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने भी इस आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता की मांगें पूरी तरह जायज हैं। अगर प्रशासन ने समय रहते इन ज्वलंत समस्याओं का समाधान नहीं निकाला, तो पूरे जिले में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
