भारत की ऐतिहासिक मेजबानी: सितंबर 2026 में अहमदाबाद में होगी ‘वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज’, AAI और गुजरात सरकार के बीच MoU साइन

खेल जगत में भारत की ऊंची उड़ान, गुजरात में जुटे दुनिया भर के दिग्गज पैरा तीरंदाज।

Johar News Times
3 Min Read

भारत में पैरा खेलों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने और देश में समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। गुजरात के अहमदाबाद में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात , आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया और गुजरात स्टेट आर्चरी एसोसिएशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता सितंबर 2026 में होने वाली प्रतिष्ठित ‘हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज’ के सफल आयोजन के लिए किया गया है।

3 से 10 सितंबर तक जुटेगा दुनिया भर का हुनर

विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 10 सितंबर 2026 तक अहमदाबाद में किया जाएगा। इस महाकुंभ में दुनिया भर के शीर्ष पैरा तीरंदाज हिस्सा लेंगे और अपने अद्भुत कौशल, अचूक निशाने और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन न केवल खेल के स्तर पर देश को नई पहचान देगा, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की असाधारण क्षमताओं और उनके संघर्ष को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक बड़ा जरिया बनेगा।

इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा तथा गुजरात के गृह व खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हर्ष संघवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इन दिग्गजों की मौजूदगी ने इस वैश्विक आयोजन के प्रति भारत सरकार और राज्य सरकार की खेल प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

‘हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज’ का यह आयोजन सिर्फ पदक जीतने की होड़ नहीं, बल्कि समाज को समावेशिता, समान अवसर और सामाजिक सशक्तिकरण का एक बड़ा संदेश देना है। इसके माध्यम से यह साबित होगा कि खेल किसी भी शारीरिक सीमा के मोहताज नहीं होते, बल्कि यह प्रतिभा, परिश्रम और अटूट इच्छाशक्ति का उत्सव है। इस आयोजन से भारत में खेल पर्यटन और विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचे को भी भारी बढ़ावा मिलेगा।

इस खास समझौते के दौरान गुजरात सरकार के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के सचिव डॉ. राहुल बाबूलाल गुप्ता, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात के महानिदेशक श्री आई.आर. वाला, वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के चेयरमैन श्री वीरेन्द्र नानावटी, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व महासचिव श्री अनिल कामनेनी, प्रशासनिक अधिकारी श्री गुंजन अबरोल और संयुक्त सचिव श्री संदीप जायसवाल सहित खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

Share This Article