सरायकेला-खरसावां और रांची के बीच सुधरेगा सड़क संपर्क, विधायक दशरथ गागराई ने सीएम ग्राम सड़क योजना के तहत उठाई मांग

सरायकेला से तमाड़ तक कनेक्टिविटी की आस: विधायक दशरथ गागराई ने दो नई सड़कों के निर्माण के लिए उपायुक्तों को लिखा पत्र।

Johar News Times
2 Min Read

खरसावां विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने कुचाई प्रखंड के दुर्गम गांवों में सड़क संपर्क सुधारने के लिए सरायकेला-खरसावां और रांची के उपायुक्तों को पत्र लिखा है। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के तहत दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को जल्द से जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

विधायक दशरथ गागराई ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने उनसे सड़क न होने से होने वाली परेशानियों को साझा किया था। ग्रामीणों की इसी मांग को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने दो प्रमुख मार्गों पर लगभग छह-छह किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की अनुशंसा की है:

  1. बारूहातु पंचायत के देशवा पहाड़ मध्य विद्यालय से लेकर तमाड़ प्रखंड के गुंटी गांव तक।
  2. रोलाहातु पंचायत के अतरा गांव से लेकर गुंटी गांव तक।

विधायक द्वारा लिखे गए पत्र में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि दोनों प्रस्तावित सड़कें सरायकेला-खरसावां और रांची जिले की सीमाओं से होकर गुजरती हैं। इसलिए, इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए दोनों जिलों के जिला प्रशासन के बीच आपसी समन्वयहोना बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग से इन स्थलों की तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया है।

सड़क निर्माण की इस पहल से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। आवागमन सुगम होने से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय बाजार तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

इधर, विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आगामी बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया जाए, ताकि उन्हें मॉनसून में होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सके।

Share This Article