नई दिल्ली, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में 12,260 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में गडकरी ने परियोजनाओं के जमीनी स्तर पर तेजी से क्रियान्वयन, गुणवत्ता निगरानी तंत्र को मजबूत करने तथा राजमार्ग परिसंपत्तियों की आयु बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाकर यात्रा की गुणवत्ता में सुधार और निर्बाध संपर्क सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को टिकाऊ, सुरक्षित और दक्ष राजमार्गों के विकास के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों के उपयोग को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण, रखरखाव और गुणवत्ता मानकों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
