नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन को लेकर राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून 4 जून को केरल में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सामान्य तौर पर मॉनसून का आगमन केरल में 1 जून के आसपास माना जाता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप, केरल तथा तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी संकेत दिया है कि प्रशांत महासागर में ईएनएसओ (ENSO) की तटस्थ स्थिति धीरे-धीरे एल नीनो की ओर बढ़ रही है। जून तक इसके विकसित होने की संभावना 80 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है। आमतौर पर एल नीनो का प्रभाव भारतीय मानसून को कमजोर कर सकता है और वर्षा की मात्रा में कमी ला सकता है। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों की नजर मॉनसून की प्रगति और एल नीनो की स्थिति पर बनी हुई है। किसानों और आम लोगों को उम्मीद है कि इस वर्ष मॉनसून समय पर पहुंचकर गर्मी से राहत देने के साथ कृषि गतिविधियों को भी गति देगा।
