ईचागढ़ में चार नए पुलों की मांग, विधायक सविता महतो ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

ईचागढ़ में चार नए पुलों की मांग, विधायक सविता महतो ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

Johar News Times
2 Min Read

रांची/ईचागढ़: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपकर शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।

ज्ञापन में ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में करकरी नदी पर टीकर पुल, चांडिल प्रखंड में एनएच-33 से जयदा मंदिर मार्ग पर पुल, कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग एवं सम्पतडीह गांव के बीच शोभा नदी पर पुल तथा नीमडीह प्रखंड के लावा क्षेत्र में पुल निर्माण की मांग की गई है। विधायक ने बताया कि इन क्षेत्रों के ग्रामीण वर्षों से आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे हैं। बरसात के दौरान नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट जाता है, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों को शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने इसे क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलों की स्वीकृति मिलने के बाद वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Share This Article