हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित कुद गांव (वार्ड नंबर-24) में बुधवार को दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सेफ्टी टैंक में बनी जहरीली गैस के कारण हुआ।
मृतकों की पहचान चमेली देवी, उनके बेटे रवि साव और चाचा मदन साव के रूप में हुई है। वहीं आनंद साव गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घर के सेफ्टी टैंक में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई और स्टोर की जाती थी। लंबे समय से टैंक में शराब रखे होने के कारण उसमें जहरीली गैस भर गई थी।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले चमेली देवी महुआ शराब निकालने के लिए टैंक के अंदर उतरी थीं। अंदर पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं। उन्हें बचाने के लिए बेटा रवि साव और चाचा मदन साव भी टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी दम घुटने से बेहोश हो गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान बचाव के प्रयास में आनंद साव भी गैस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
