हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में मंगलवार रात जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान चमेली देवी, उनके बेटे रवि साव और चाचा मदन साव के रूप में हुई है। वहीं घायल आनंद साव का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घर के अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में अवैध रूप से महुआ शराब रखी जाती थी। लंबे समय तक शराब भंडारण के कारण टैंक में जहरीली गैस बन गई थी। मंगलवार रात चमेली देवी टैंक से महुआ शराब निकालने नीचे उतरी थीं, जहां गैस की चपेट में आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई।
महिला को बचाने के लिए रवि साव और मदन साव भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों की भी मौके पर मौत हो गई। तीनों को बचाने के प्रयास में आनंद साव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अवैध महुआ शराब भंडारण और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
