चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बिरुवा नगर में रविवार रात जिला परिषद सदस्य जवाहर बोईपाई के दो बेटों पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिरुवा नगर स्थित होरा प्ले स्कूल के पास जवाहर बोईपाई के किराए के मकान में रात के समय 8 से 10 युवकों का समूह पहुंचा। आरोप है कि युवकों ने विजय सिंह बोईपाई और पासिंग बोईपाई पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घायलों ने बताया कि हमलावरों के हाथों में चाकू जैसे धारदार हथियार थे। घटना के दौरान एक हथियार की तस्वीर भी ली गई है। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य जवाहर बोईपाई गांव से चाईबासा पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान हैं।
पुरानी रंजिश की आशंका
फिलहाल हमले के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के पहलू पर भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
