सोनुआ स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर युवक-युवती की मौत, मोबाइल और टिकट से पहचान में जुटी पुलिस

सोनुआ स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर युवक-युवती की मौत, मोबाइल और टिकट से पहचान में जुटी पुलिस

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप देर रात रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान रेलवे ट्रैक किनारे एक बैग बरामद किया गया, जिसमें कपड़े और कई ट्रेन टिकट मिले हैं। बरामद टिकटों में सोनुआ से राउरकेला, राउरकेला से पुरी और टाटानगर से चक्रधरपुर तक के टिकट शामिल बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान युवक की पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो बंद अवस्था में था। पुलिस का कहना है कि मोबाइल के सिम कार्ड और अन्य तकनीकी जांच के जरिए दोनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कहीं बाहर से आए थे या स्थानीय निवासी थे। रेलवे ट्रैक पर मिले टिकटों और मोबाइल को जांच का अहम सुराग माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डाटा की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article